नरसिंहपुर. आजादी के अमृत महोत्सव पर जिले में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा एवं उत्साह से मनाया गया। जिला मुख्यालय के स्टेडियम ग्राउन्ड पर आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्‍चात सुश्री बाफना ने समृद्धि के प्रतीक रंगीन गुब्बारों को आकाश में छोड़ा। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी, विधायक श्री जालम सिंह पटैल की भी विशेष उपस्थिति रही।

      इस अवसर पर बैंड द्वारा जन- गण- मन की धुन प्रस्तुत की गई। परेड कमाण्डर द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के पश्चात कलेक्टर सुश्री बाफना एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के साथ परेड का निरीक्षण किया। तत्पश्चात उन्होंने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के प्रदेशवासियों को संबोधित संदेश का वाचन किया।

      संदेश के वाचन के पश्चात परेड दलों द्वारा जयघोष एवं हर्षफायर किया गया। समारोह में विशेष सशस्त्र बल 6 वीं बटालियन, जिला पुलिस बल, जिला महिला पुलिस बल, जिला होमगार्ड बल, एनसीसी सीनियर डिवीजन एमआईएमटी कॉलेज, एनसीसी जूनियर डिवीजन उत्कृष्ट विद्यालय, स्काउट गाइड गर्ल्स शासकीय एमएलबी कउमावि के छात्र- छात्राओं के विभिन्न दलों के सदस्यों की संयुक्त परेड द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि कलेक्टर एवं एसपी ने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर मध्यप्रदेश गान हुआ। कार्यक्रम में कलेक्टर ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को भी शाल- श्रीफल देकर सम्मानित किया।

      सांस्कृतिक कार्यक्रम की श्रृंखला में स्कूली छात्र- छात्राओं ने विभिन्न गीतों एवं लोकगीतों पर नृत्य की खूबसूरत प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में जिले के युवा श्री अक्षय राजपूत ने सोलर एनर्जी से संचालित होने वाली ट्राय साइकिल का भी प्रदर्शन इस दौरान किया।

 

न्यूज़ सोर्स : ANJALI PATEL