भोपाल। शहर के छोला मंदिर थाना इलाके में रहने वाले युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। बताया गया है उसका अपनी पत्नि से मायके जाने को लेकर विवाद हुआ था, इसके बाद भी उसकी पत्नि मायके चली गई थी। मर्ग कायम कर पुलिस आगे जॉच कर रही है। पुलिस ने बताया कि पुलिस के कल्याण नगर छोला में रहनें वाला 27 वर्षीय वीरेन्द्र सिंह मीणा मेहनत-मजदूरी का काम करता था। उसका पत्नि के मायके जाने की बात को लेकर विवाद होता रहता था। बीते दिन सुबह के समय भी उसकी पत्नि ने मायके जाने की बात कही, जिस पर पति वीरेन्द्र ने मना किया, इसे लेकर एक बार फिर उनके बीच विवाद हो गया था। बताया गया है कि मना करने के बाद भी उसकी पत्नि लगातार जिद कर रही थी, और मायके चली गई थी। इसके बाद गुस्से में आये पति ने कमरे में फांसी लगा ली। बाद में मृतक का साला सुमित उससे मिलने घर आया। उसने कई बार दरवाजा खटखटाने के साथ ही जीजा वीरेन्द्र को आवाजे लगाई, लेकिन अंदर से न तो कोई जवाब आया और न ही दरवाजा खुला। तब सुमित ने खिड़की से झांककर भीतर देखा तो उसे कमरे में वीरेन्द्र का शरीर फंदे पर लटका नजर आया। इसके बाद पड़ोसियो की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जॉच शुरु कर दी है।