हाटपीपल्या ।   डोल ग्यारस पर मंगलवार को भगवान नृसिंह की साढ़े सात किलो वजनी पाषाण प्रतिमा भमोरी नदी के नृसिंह घाट में तैराई गई। प्रतिमा तीनों बार तैरी, मान्यता के अनुसार आने वाला साल सुखद व मंगलमय रहेगा। प्रतिमा तैरने के दृश्य को निहारने के लिए घाट पर हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। प्रतिमा तैराने से पहले आंधी के साथ तेज वर्षा हुई, जैसे ही भगवान नृसिंह का डोल पहुंचा, वर्षा का दौर थम गया। नृसिंह मंदिर के पुजारी गोपालदास वैष्णव द्वारा प्रतिमा तीन बार तैराई गई। पहली बार करीब 3 मिनट, दूसरी बार करीब 7 मिनट एवं तीसरी बार 2 मिनट भगवान नृसिंह की पाषाण प्रतिमा तैरने पर श्रद्धालु जय-जयकार कर उठे। इससे पहले मुख्य नगर स्थित नृसिंह भगवान के मंदिर में नगर के राधा-कृष्ण मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, श्रीराम मंदिर आदि मंदिरों के विमान एकत्रित हुए। नृसिंह भगवान के विमान के साथ करीब 4 बजे मुख्य चल समारोह का शुभारंभ हुआ। शुभारंभ से पहले पुलिस स्काउट बैंड ने भगवान नृसिंह को गार्ड आफ आनर दिया।

चल समारोह में श्रीराम व्यायामशाला, बजरंग व्यायामशाला के अखाड़े शामिल हुए। अखाड़े के कलाकारों द्वारा चल समारोह में हैरतंगज करतब दिखाए गए। साथ ही पुलिस बैंड भी चल समारोह में शामिल हुआ। राधा कृष्ण की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। अखाड़े के कलाकारों एवं उस्तादों का राजवीर सिंह बघेल मित्र मंडल, विश्वजीत सिंह चौहान मित्र मंडल, अली अखाड़ा मित्र मंडल द्वारा साफा बांधकर स्वागत किया गया। नृसिंह घाट पर भजन गायक द्वारका मंत्री द्वारा भजनों की मधुर प्रस्तुतियां दी गई। भगवान नृसिंह की आरती की सर्वाधिक बोली सांई भक्त मित्र मंडल के संजय राजावत व फुलवर द्वारा 65101 की लगाकर आरती, पूजन किया गया। प्रतिमा तैरने को देखने केे लिए जनसैलाब उमड़ा। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष चंद्रकांता राठौर, एसडीओपी, एसडीएम, थाना प्रभारी, नगर परिषद, शांति समिति, नगर सुरक्षा समिति, मंदिर समिति, अखाड़ा समिति आदि ने आयोजन की व्यवस्था सम्भाल रखी थी। आभार नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि अरुण राठौर ने माना।