जयवर्धन सिंह का सिंधिया पर तंज 


भोपाल । पूर्व मंत्री और कांग्रेस से राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह अपने एक दिवसीय दौरे पर शिवपुरी जिले में पहुंचे। कांग्रेस नेता जयवर्धन सिंह ने अपने दौरे के दौरान एक बार फिर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा है। जयवर्धन सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधते हुए कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया अगर तोप हैं तो नरेंद्र सिंह तोमर को भाजपा ने क्यों चुनाव का प्रभार एमपी में दिया। जयवर्धन सिंह ने कहा कि अब सिंधिया जी का भविष्य भाजपा के हाथ में हैं। शिवपुरी में पत्रकारों से चर्चा में जयवर्धन सिंह ने कहा कि जो विधायक जनता के मत को बेचकर कांग्रेस छोडक़र भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्हें कांग्रेस कभी स्वीकार नहीं करेगी। इसके अतिरिक्त अन्य नेताओं का कांग्रेस में स्वागत है। शिवपुरी दौरे के दौरान  जयवर्धन सिंह ने पोहरी विधानसभा में आदिवासी सम्मेलन को संबोधित किया।
विधानसभा चुनाव में टिकट दिए जाने के सवाल पर जयवर्धन सिंह ने कहा कि हमारी स्क्रीनिंग कमेटी बनाई गई है, जो प्रत्येक प्रत्याशी की पूरी जांच-पड़ताल करने के बाद ही नाम फायनल करेगी। जब उनसे पूछा कि जो पहले कांग्रेस छोडक़र भाजपा में गए, अब वो पुन: कांग्रेस में आ रहे हैं, तो उनकी वापसी क्यों हो रही है। इस पर जयवर्धन सिंह ने कहा कि जो विधायक रहते हुए अपना मत 35 करोड़ में बेचकर चले गए थे, उनकी कांग्रेस में वापसी नहीं होगी, इसके अलावा जो किसी अन्य वजह से चले गए थे ओर वापस आना चाहते हैं, उनका स्वागत है।
जयवर्धन सिंह ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की अंदरूनी स्थिति बेहद खराब है, क्योंकि यहां शिवराज भाजपा, महाराज भाजपा और नाराज भाजपा है। इसलिए तो हर दूसरे दिन अमित शाह भोपाल के चक्कर लगा रहे हैं। चूंकि अब भाजपा की स्थिति प्रदेश के नेता नहीं संभाल पा रहे तथा वे आपस में ही एक-दूसरे को शिकस्त देने में जुटे हुए हैं, इसलिए अब प्रदेश की भाजपा को केंद्र के नेता संभाल रहे हैं। करैरा नगर में फूटा तालाब के पास स्थित दो मजारों पर कई पीढिय़ों से उर्स का आयोजन किया जा रहा है। उसमें शामिल होने के लिए जयवर्धन सिंह ने करैरा में मजारों पर चादर चढ़ाई, इसके बाद बाबा का बाग बगीचा में दर्शन किए।