भोपाल । अलग-अलग स्थानों पर बनी चार मौसम प्रणालियों के असर से आ रही नमी के कारण मध्य प्रदेश के अधिकतर जिलों में आंशिक बादल बने हुए हैं। साथ ही कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो रही है। इसी क्रम में गुरुवार शाम को राजधानी भोपाल के करोंद क्षेत्र में बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार को भी भोपाल, जबलपुर, नर्मदापुरम, इंदौर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। उधर, गुरुवार को मध्य प्रदेश में सबसे अधिक 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया, जो एक सीजन का सबसे अधिक तापमान रहा। दमोह में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास ट्रफ के रूप में बना हुआ है। राजस्थान के मध्य में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। कर्नाटक पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर तमिलनाडु तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि इन चार मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने के साथ ही वर्तमान में हवा का रुख कभी पश्चिमी तो कभी दक्षिणी हो रहा है। हवाओं के साथ अरब सागर से नमी आ रही है। इस वजह से मध्य प्रदेश के अधिकतर जिलों में आंशिक बादल बने हुए हैं। हालांकि, सुबह के समय बादल छंटने के कारण तीखी धूप भी निकलती है। इस वजह से अधिकतम तापमान धीरे-धीरे बढऩे लगा है। उधर, दोपहर के बाद फिर बादल छाने लगते हैं और बूंदाबांदी की स्थिति बन जाती है। शुक्रवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने के आसार हैं।