नई दिल्ली । उत्तर भारत के कई राज्य इन दिनों कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, झारखंड और अन्य राज्य काफी समय से शीतलहर और घने कोहरे का साए में हैं। इन स्थितियों ने अधिकारियों को राज्यों में शीतकालीन अवकाश की घोषणा करने के लिए प्रेरित किया है। दिल्ली में शीतकालीन छुट्टियों को दो भागों में बांटा गया है। प्रदूषण के कारण दिल्ली के सभी स्कूल 9 से 18 नवंबर तक बंद हैं। आदेश में छुट्टी को शीतकालीन अवकाश में शामिल करने की बात कही गई है। दिल्ली के स्कूल 1 जनवरी से 6 जनवरी 2024 तक बंद रहने वाले हैं। 
उत्तर प्रदेश में 31 दिसंबर 2023 से 14 जनवरी 2024 तक लगभग 15 दिनों के लिए शीतकालीन अवकाश की घोषणा की गई है। इन तिथियों पर उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के स्कूल बंद रहने वाले हैं। यदि मौसम की स्थिति कम नहीं हुई तब 15 दिनों की छुट्टियों को बढ़ाया जा सकता है। हरियाणा सरकार ने 1 से 15 जनवरी, 2024 तक सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने की घोषणा की है। यह निर्णय हरियाणा बोर्ड से संबद्ध स्कूलों के बीच मान्य होगा। इस सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध स्कूलों पर भी लागू किया जाएगा। पंजाब सरकार ने इस साल छुट्टियों की संख्या काफी कम कर दी है। आदेश के अनुसार, स्कूल 24 से 31 दिसंबर तक बंद रहने के बाद 1 जनवरी, 2024 से स्कूल फिर से खोले जाएंगे। हालांकि, राज्य में शीत लहर की स्थिति बढ़ने पर उन्हें फिर से बंद किया जा सकता है। राजस्थान के स्कूलों में शीतकालीन अवकाश 25 दिसंबर से शुरू हुआ और 5 जनवरी, 2024 तक जारी रहेगा। अगर भीषण ठंड की स्थिति और बढ़ती रही तब छुट्टियां आगे बढ़ सकती हैं। झारखंड सरकार ने सभी स्कूलों को 26 से 31 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश दिया है।