रोड शो नहीं करेंगी, नर्मदा पूजन के बाद सीधे सभा स्थल पर पहुंचेंगी


जबलपुर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के 12 जून को प्रस्तावित जबलपुर की सभा में पार्टी महिलाओं की भीड़ जुटाने पर जोर दे रही है। महिला कांग्रेस की ओर से  प्रदेश भर से 25 हजार महिलाओं को प्रियंका की सभा में ले जाने का दावा किया गया है। प्रियंका रोड शो के कार्यक्रम को हटा दिया है। वे जबलपुर पहुंचकर सबसे पहले ग्वारी घाट पर नर्मदा पूजन करेंगी। नर्मदा पूजन पूरे विधि-विधान से मंत्रोच्चार के  बीच होगा। इसके लिए पुजारियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। ग्वारी घाट से वे सीधे सभा स्थल पर पहुंचेंगी। प्रियंका गांधी के पूर्व के कार्यक्रम में ग्वारी घाट से सभा स्थल तक रोड शो प्रस्तावित था। प्रदेश कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि कतिपय कारणों से रोड शो का कार्यक्रम नहीं रखा है। प्रियंका गांधी की सभा में जबलपुर संभाग के सभी जिलों से भीड़ पहुंचेंगी। सभा की तैयारियों की जिम्मेदारी जबलपुर जिलाध्यक्ष एवं महापौर देख रहे हैं। मप्र महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल ने बताया कि प्रियंका गांधी की सभा में प्रदेश भर से 25 हजार से ज्यादा महिलाएं पहुंच रही है। इसके लिए वे लगातार प्रदेश भर में प्रवास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सभा में महिलाओं की संख्या ज्यादा होगी।

महिलाओं को लुभाने पर रहेगा जोर
प्रियंका गांधी की सभा में महिलाओं की अच्छी खासी भीड़ जुटाने की तैयारी है। ्रप्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष कमलनाथ द्वारा की गईं नारी सम्मान, 500 रुपए का सिलेंडर जैसी घोषणाओं के जरिए प्रियंका गांधी महिलाओं को लुभाने की कोशिश करेंगी। प्रियंका की सभा के जरिए कांग्रेस महिलाओं के बीच यह संदेश पहुंचाना चाहती है कि कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को 1500 रुपए महीना नारी सम्मान योजना के तहत मिलेंगे और 500 रुपए का सिलेंडर मिलेगा। साथ ही 200 यूनिट तक सस्ती बिजली मिलेगी।