देहरादून। कांग्रेस नेता राहुल गांधी न्याय यात्रा के साथ इन दिनों असम में हैं। यहां लखीमपुर में राहुल की न्याय यात्रा पर हमला हुआ, जिसके विरोध में देशभर में धरना-प्रदर्शन हुआ है। इसी कड़ी में देहरादून में भी आज रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया है। 
गौरतलब है कि असम के लखीमपुर में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हुए हमले का विरोध देशभर में तेज हो गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के निर्देशन रविवार को प्रदेश में कांग्रेसजनों ने भाजपा सरकार का पुतला दहन करके आक्रोश जताया। न्याय यात्रा में हुए हमले के खिलाफ राजधानी देहरादून में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने एश्ले हॉल चौक पर भाजपा सरकार का पुतला फूंका और कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ शांति प्रिय तरीके से भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं, परंतु असम के लखीमपुर में पहुंचते ही कुछ तत्वों ने असम के मुख्यमंत्री के इशारे पर हमला कर अपनी कुत्सित मानसिकता का परिचय दिया है। कांग्रेस पार्टी  के प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट का कहना था कि जिस प्रकार भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हमला हुआ है वह घोर निंदनीय है। भाजपा शासन काल में नौजवानों, किसानों और महिलाओं को न्याय नहीं मिल रहा है, जिस कारण न्याय की मांग को लेकर सभी सड़कों पर उतर रहे हैं। इस स्थिति में राहुल गांधी ने न्याय यात्रा निकाली है, जिस पर कुत्सित हमला होना घोर निन्दनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लोगों का अपार समर्थन मिला है, इससे भाजपा सरकार घबरा गई है। राज्य असम के लखीमपुर में भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर कायराना हमला किया गया है, जिससे आक्रोशित कांग्रेसजन हमले के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा सरकार का पुतला दहन करने को विवश हुए हैं। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष डॉ जसविंदर गोगी ने हमले की निंदा करते हुए सरकार से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।