अहमदाबाद | गुजरात में राज्यसभा की तीन सीटों पर होनेवाले चुनाव के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर पहले ही अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं| जबकि अन्य दो सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर रहस्य बना हुआ था| यह पूरी संभावना था कि मौजूदा राज्यसभा सांसद जुगलजी ठाकोर और दिनेश अनावडिया को भाजपा रिपीट नहीं करेगी और ऐसा हुआ| हर बार की तरह भाजपा ने दो नए उम्मीदवारों का ऐलान कर सभी चौंका दिया है| भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में वांकानेर के राज परिवार के सदस्य केसरीदेवसिंह झाला और कांकरेज के पूर्व विधायक बाबुभाई देसाई को उम्मीदवार बनाया है| 
केसरीदेवसिंह झाला भारत सरकार के पहले केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री और वांकानेर के राजा स्व. डॉ. दिग्विजयसिंह प्रतापसिंह झाला के पुत्र हैं| वांकानेर राज परिवार से आनेवाले केसरीदेवसिंह राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहे हैं और वांकानेर के 16वें महाराजा हैं| वर्ष 2011 में गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री और मौजूदा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करकमलों से भाजपा का भगवा धारण कर राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी| गत तहसील और जिला पंचायत चुनाव की पूरी जिम्मेदारी भाजपा ने केसरीदेवसिंह को सौंपी थी, जिसमें वह खरे उतरे थे| केसरीदेवसिंह के प्रयासों से आजादी के बाद पहली बार वांकानेर तहसील पंचायत में भाजपा का कमल खिला था|
राज्यसभा के लिए भाजपा के दूसरे उम्मीदवार बाबुभाई देसाई रबारी समाज से आते हैं| वर्ष 2007 से 2012 के दौरान कांकरेज के विधायक रह चुके बाबुभाई देसाई को भामाशा और दानवीर के रूप में पहचाना जाता है| बाबुभाई देसाई ने अपनी सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के चलते लोगों के बीच रहे और अनेक संस्थाओं में सेवा कर अलग पहचान बनाई ही| पार्टी के प्रति वफादार और सच्चे सैनिक के रूप में काम करते हुए बाबुभाई देसाई ने सरकार की योजनाएं जन जन तक पहुंचाई हैं| बाबुभाई देसाई सोशल मीडिया में काफी सक्रिय रहते हैं|