नरसिंहपुरआयुक्त भू- अभिलेख मध्यप्रदेश ने रबी मौसम 2022- 23 के लिए सैटेलाईट इमेज/ एआई आधारित गिरदावरी के संबंध में पटवारियों को प्रशिक्षण देकर निर्धारित समय में गिरदावरी का कार्य किये जाने के लिए निर्देशित किया है। इस संबंध में कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने जिले के सभी तहसीलदारों को निर्धारित समयावधि में गिरदावरी का कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया है।
      इस सिलसिले में निर्धारित समयावधि के अनुसार ग्राम की सीमा के भीतर गिरदावरी 21 दिसम्बर 2022 से 20 जनवरी 2023 तक होगी। सैटेलाइज इमेज/ एआई सहित किसान/ पटवारी फसल की तुलना 22 जनवरी 2023, तुलनात्मक जानकारी की उपलब्धता 23 जनवरी 2023, विसंगतियों का निराकरण 23 जनवरी से 26 जनवरी 2023, दावा- आपत्ति/ त्रुटि सुधार 28 जनवरी तक और तहसीलदार द्वारा सभी दावा/ आपत्ति का सारा पोर्टल के माध्यम से निराकरण 31 जनवरी 2023 तक किया जाना है।
      उपरोक्तानुसार गिरदावरी कार्य में सैटेलाइट इमेज/ एआई आधारित नवीन तकनीक का उपयोग किया जायेगा, जिससे संबंधित पटवारी ग्राम की सीमा में अथवा खेत पर जाकर सारा एप के माध्यम से फसल गिरदावरी संबंधी जानकारी, फोटो एवं लोकेशन सुरक्षित कर गिरदावरी कर सकेंगे। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए पंजीयन गिरदावरी डाटा के आधार पर किया जाता है। फसल बीमा योजना अधिसूचना आदि कार्य भी गिरदावरी डाटा पर आधारित होते हैं।
      इस संबंध में कलेक्टर ने उच्चतम गुणवत्ता के साथ गिरदावरी का कार्य उपरोक्तानुसार निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश सभी तहसीलदारों को दिये हैं।

न्यूज़ सोर्स : ANJALI PATEL