भोपाल । राजधानी में र‎विवार को धुंध छाई हुई है।  बादल छंटने के बाद रात के तापमान में गिरावट का दौर है। शहर के  कुछ क्षेत्रों में हल्की-बूंदाबादी भी हुई। कोहरे के कारण राजधानी में लोगों को वाहन चलाने में ‎परेशानी का सामना करना पडा। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्‍ठ विज्ञानी पीके साहा के अनुसार,  वातावरण में कुछ नमी रहने के कारण राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अधिकतर जिलों में सुबह के वक्त कोहरा या धुंध बनी रहती है। वर्तमान में पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इसका विशेष असर मध्य प्रदेश के मौसम पर नहीं पड़ रहा हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रविवार को एक कमजोर आवृति वाला पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में प्रवेश करने जा रहा है। इसके प्रभाव से सोमवार से प्रदेश में आंशिक बादल छाने की संभावना है। इससे रात का तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को सिवनी, नौगांव, ग्वालियर में तीव्र शीतल दिन रहा। शाजापुर, इंदौर, खंडवा, भोपाल, गुना, टीकमगढ़, उज्जैन, सागर एवं खजुराहो में शीतल दिन रहा। रविवार को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में प्रवेश करेगा। इसके प्रभाव से कहीं-कहीं बादल छाने से रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने के आसार हैं। उधर 18 जनवरी को एक तीव्र आवृति वाला पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में दाखिल होगा। यह उत्तर भारत के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में सक्रिय रहेगा। इसके असर से राजस्थान में प्रेरित चक्रवात बनने की भी संभावना है। इससे 19-20 जनवरी से मप्र में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ने लगेगा। रविवार को प्रदेश में ग्‍वालियर सबसे ठंडा रहा, जहां न्‍यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्‍सिसय दर्ज किया गया। नौगांव में 3.3, खजुराहो में 05, गुना में 5.1 पचमढ़ी में 5.4 और सागर में 06 डिग्री सेल्‍सियस न्‍यूनतम तापमान रहा। राजधानी भोपाल में 08 डिग्री सेल्‍सियस न्‍यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्‍य से 2.9 डिग्री सेल्‍सियस कम रहा। साथ ही यह पिछले दिन के न्‍यूनतम तापमान के मुकाबले भी 1.7 डिग्री सेल्‍सियस कम रहा।