भारत की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी की। उन्होंने 32 गेंद पर 61 रन बनाए। इस दौरान आठ चौके और तीन छक्के लगाए। मंधाना ने 190.62 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। उनकी बल्लेबाजी की बदौलत टीम इंडिया फाइनल में पहुंच गई है। उसने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में चार रन से हरा दिया।मंधाना की बात करें तो उन्होंने शेफाली वर्मा के साथ टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर 7.5 ओवर में 76 रनों की साझेदारी कर दी। इस दौरान मंधाना ने 23 गेंदों पर ही अपना अर्धशतक पूरा किया। शेफाली 17 गेंद पर 15 रन बनाकर आउट हुईं।स्मृति टी20 में भारत के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली महिला खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा। स्मृति ने इससे पहले 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 24 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा था। वहीं, 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ 25 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था।